नजंग और मालपा के बीच बोल्डर में फंसी मशीन।
- फोटो : PITHORAGARH
कैलाश मानसरोवर को जोड़ने वाला तवाघाट-नजंग मार्ग बोल्डर गिरने से बंद हो गया है। सड़क बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समय लोग माइग्रेशन से लौट रहे हैं। सड़क बंद होने से 20 परिवारों को जानवरों के साथ मालपा और अन्य स्थानों पर रुकना पड़ा है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग शुक्रवार दोपहर में नजंग के तंपा मंदिर से 200 मीटर आगे बोल्डर गिरने से बंद हो गया। सड़क पर भारी-भारी बोल्डर गिरे हैं। सड़क को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।
सड़क बंद होने से वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं बचा है। जिप्ती निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क बंद होने से माइग्रेशन पर गांवों से निचले इलाके में लौट रहे लोगों के सामने भारी समस्या खड़ी हो गई है। बताया कि शुक्रवार को सड़क बंद होने 20 परिवारों को अपने जानवरों के साथ मालपा और अन्य जगहों में रुकना पड़ा है।
कुटी निवासी सभासद प्रेमावती कुटियाल ने कहा कि व्यास घाटी के तमाम गांवों के लोग इस समय निचली घाटियों की ओर लौट रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर लोगों का धारचूला पहुंचना शुरू हो जाएगा।
प्रशासन और बीआरओ को सड़क को दुरुस्त रखने की दिशा में कदम उठाने होंगे। उधर, बीआरओ की ओर से बताया गया है कि सड़क को खोलने के लिए पोकलैंड मशीन और मजदूर लगाए गए हैं। सड़क के रविवार को ही खुलने की संभावना जताई जा रही है।
नजंग-मालपा के मध्य सड़क बंद होने की सूचना मिली है। बीआरओ के अधिकारियों को सड़क खोलने के निर्देश दिए गए हैं। माइग्रेशन काल में सड़क को दुरुस्त रखने को कहा गया है। - अनिल कुमार शुक्ला उपजिलाधिकारी धारचूला
नजंग और मालपा के बीच सड़क के दोनों तरफ गिरे बोल्डर।- फोटो : PITHORAGARH