शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित मिशन शिक्षण संवाद की मंडलीय कार्यशाला में धारचूला ब्लॉक के दूरस्थ विद्यालय जारा के शिक्षक रमेश चंद्र जोशी को अनमोल शिक्षक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा केके गुप्ता ने उन्हें 12 जनवरी को आयोजित कार्यशाला में यह पुरस्कार प्रदान किया। संवाद के राज्य संयोजक लक्ष्मण सिंह मेहता ने बताया कि जो शिक्षक सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यालयों में दैनिक श्यामपट, प्रश्नोत्तरी, आसन, खेल-खेल में शिक्षण गतिविधियों में प्रतिभाग करते हैं पुरस्कार के लिए उनका चयन किया जाता है।
बताया कि कुमाऊं मंडल के पांच शिक्षकों को अनमोल शिक्षक रत्न और इतने ही शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जोशी को पुरस्कार मिलने पर विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।