संयुक्त मजिस्ट्रेट सौरभ गहरवाल।
- फोटो : पिथौरागढ़
गंगोलीहाट में तैनात संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. सौरभ गहरवाल के प्रयासों से आखिरकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेें 13 साल बाद पहली अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट निकली। इस सीएचसी में 2006 में मिनी अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई गई थी।
अक्तूबर 2018 में जब एमबीबीएस क्वालिफाई/आईएएस अधिकारी डॉ. गहरवाल ने संयुक्त मजिस्ट्रेट का कार्यभार संभाला तो उन्हें सीएचसी में रेडियोलॉजिस्ट न होने से जनता की परेशानी का पता चला। उन्होंने दिसंबर में शासन से मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने की अनुमति मांगी थी। शासन की अनुमति के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ऊषा गुंज्याल ने 14 मार्च को डॉ. गहरवाल को अल्ट्रासाउंड करने की अनुमति दे दी, जिसके बाद शनिवार को डॉ. गहरवाल ने कोठेरा निवासी दीवानी राम (56) और मोनिका (18) का अल्ट्रासाउंड किया।
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं कोे देखते हुए मैंने अल्ट्रासाउंड करने के लिए अनुमति मांगी थी। यहां की गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को पिथौरागढ़ जाना पड़ता था। जितना हो सकेगा मैं लोगों की सेवा करूंगा। - डॉ. सौरभ गहरवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट, गंगोलीहाट
संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. गहरवाल प्रत्येक रविवार को अस्पताल में सुबह 11 बजे से अल्ट्रासाउंड करेंगे। फिलहाल वह गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करेंगे। आपातकाल में भी अल्ट्रासाउंड करने की बात संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कही है। -डॉ. पवन कार्की, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी गंगोलीहाट