झूलाघाट(पिथौरागढ़)। बृहस्पतिवार को क्षेत्र में 18 लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे से झूलाघाट में आवाजाही पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया है। अंतरराष्ट्रीय झूलापुल से इमरजेंसी में नेपाली नागरिक कोविड रिपोर्ट लेकर ही भारत में प्रवेश कर पाएगा। कंटेनमेंट जोन बनने के बाद झूलाघाट बाजार, बैंक ओर पोस्टआफिस को पुलिस ने बंद करा दिया है।
स्वाथ्य विभाग ओर पुलिस विभाग ने शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के घरों की जांच की। पांच संक्रमितों के घरों में प्राइवेसी न होने के कारण उन्हें बेस अस्पताल 108 सेवा से भेज दिया है। तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि मजिरकांडा ग्राम पंचायत शनिवार और रविवार को कस्बे में सैनिटाइजेशन करेगी। इस दौरान लोगों को होम क्वारंटीन का पालन कराया जाएगा। दवाई की दुकानें हर समय खुली रहेंगी। दूध, राशन और सब्जी की दुकानें सोमवार से 2-3 घंटे के लिए खुलेंगी। आवश्यकीय सेवाओं के वाहन यहां आ जा सकेंगे। रविवार से स्वास्थ्य विभाग प्रशासन की निगरानी में कस्बे के सभी लोगों की सैंपलिंग करेगा। कोरोना संक्रमित व्यक्तियों से कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए शपथ पत्र भराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को कोरोना किट दे दी है। फिलहाल सील करने के बाद भी वाहनों की आवाजाही चल रही थी। कस्बे को जोड़ने वाले रास्तों पर बैरियर अभी तक नहीं लगाए गए हैं। एसएसबी के कमांडेंट आरके राजेश्वरी ने बताया कि सीमा पुल से मेडिकल सेवाओं को छोड़कर आवजाही पूर्णतया प्रतिबंधित कर दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी एचसी पंत ने बताया अपरिहार्य कार्यों से झूलाघाट में निवासरत व्यक्ति को एंटीजन टेस्ट के बाद बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।