नाचनी में तटबंध निर्माण में खराब गुणवत्ता का प्रयोग किया जा रहा है।
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी (पिथौरागढ़)। सिंचाई विभाग की ओर से 288 लाख रुपये की लागत से नाचनी गांव की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे रामगंगा नदी के तटबंध के निर्माण में लोगों ने घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। निर्माण स्थल पर तैनात जूनियर इंजीनियर सुंदर सिंह ने बताया कि घटिया निर्माण की सूचना लगातार उच्चाधिकारियों को देते आया हूं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार के सही काम न करने व उच्चाधिकारियों की ओर से कोई कदम न उठाने के चलते बुधवार से कार्यस्थल पर जाना बंद कर दिया है।
इसकी लिखित सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी है। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश बथियाल, प्रधान प्रतिनिधि गंगा पिपलिया ने कहा कि बृहस्पतिवार से से तटबंध निर्माण कार्य रोका जाएगा। साथ ही एक शिष्टमंडल डीएम को ज्ञापन भी देगा। जनप्रतिनिधियों ने इसकी शिकायत कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल से भी की है। दो सप्ताह पूर्व ग्रामीणों व व्यापारियों ने तटबंधों की घटिया गुणवत्ता के चलते निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
निर्माण स्थल पर सहायक अभियंता फुरकान खालिद, अवर अभियंता सुंदर सिंह की उपस्थिति में ठेकेदार को मानक के अनुरूप ही निर्माण सामग्री प्रयोग करने के लिए कहा गया था। विभागीय अभियंता के साथ ही जनता से एक व्यक्ति की तैनाती भी निर्माण स्थल पर की गई लेकिन ठेकेदार के लोग अपनी मर्जी से ही नदी से निकले मलबे से ढांचे का निर्माण कर रहे हैं। इस मामले में सिंचाई खंड धारचूला के ईई फरान खान का कहना है कि स्थल का तुरंत निरीक्षण किया जाएगा। निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा।