नगर में आयोजित बैठकी होली में होल्यारों ने विभिन्न रागों पर आधारित शास्त्रीय संगीत का गायन किया। वहीं, नगर के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं की होली की धूम मची है। ग्रामीण क्षेत्रों के होल्यार सीराकोट मंदिर पहुंचने लगे हैं।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ललित भंडारी के आवास में हुई बैठकी होली की शुरुआत होल्यार भगवती प्रसाद जोशी ने-जटन विराजत गंग, भोले नाथ दिगंबर, शिव के जटन से निकली गंगा, जा सागर में समाई, गाकर की। वहीं परसीलाल वर्मा ने राग काफी पर आधारित-तू मृत्यु लोक में आयो, भृग तारिणी गंगे, गंगा जी को भगीरथ लाए, तारन को परिवार होली गीत गाया। प्रकाश चंद्र बिष्ट, ओम प्रकाश वर्मा, कविंद्र बिष्ट, राजकुमार ने भी रागों पर आधारित होली सुनाई।
मानस एकेडमी में बच्चों ने खेली होली
पिथौरागढ़। मानस एकेडमी में बच्चों ने जमकर होली खेली। बच्चों ने संकल्प लिया कि होली के मौके पर बुराई का त्याग कर अच्छाई को अपनाएंगे। बच्चों ने मंच पर नृत्य पेश किए। काफी देर तक नाच-गाने में बच्चे मस्त रहे। विद्यालय की प्रबंधक कंचनलता पंत और प्रधानाचार्य रुचि पोखरिया ने बच्चों से कहा कि होली पर शालीनता बरतें।
भैंसखाल में महिलाओं ने जमकर खेली होली
नाचनी (पिथौरागढ़)। यहां भैंसखाल गांव में महिलाओं ने शुक्रवार को जमकर होली खेली। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हुई और होली के गीत गाने लगी। हुपली गांव के लोगों की होली शुक्रवार को दोपहर बाद नाचनी बाजार पहुंची। ढोल-नगाड़ों और चीर ध्वजा के साथ पहुंचे होल्यारों ने जमकर होली गायन किया। ग्रामीण अंचलों में अब होली की धूम मच गई है। सभी इलाकों में देर रात तक होली गायन हो रहा है।
रंग बरसे भीगे चुनर वाली, रंग बरसे...
पिथौरागढ़। बैंक रोड स्थित पूर्व विधायक गोपाल दत्त ओझा के आवास पर शुक्रवार को महिला होली का आयोजन हुआ। महिलाओं ने-रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे, गीत पर खूब नृत्य किया। इससे पहले भक्ति रस पर आधारित गीत गाए गए। महिलाओं ने बैठकी होली भी गाई-कै बन अमिरत सींचो, कै बन उपजो कमाल, वृंदावन अमिरत सींचो, मधुवन उपजो कमाल। इसके अलावा-जल कैसे भरूं यमुना गहरी, जल कैसे भरूं यमुना गहरी गीत में भी महिलाओं ने खूब नृत्य किया।