बारहमासी सड़क पर मीना बाजार के पास फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
घाट से गुरना के बीच बन रही बारहमासी सड़क पर बुधवार सुबह 11 से 12 बजे तक वाहनों के पहिए एक घंटे तक जाम रहे। तीन स्थानों पर मलबा गिरने से यह समस्या पैदा हुई। सड़क पर मलबा कब गिर जाए, कहा नहीं जा सकता। सुबह से शाम तक मलबा गिरने का क्रम जारी है। बुधवार को भी इस सड़क पर यात्री वाहन, सामान लेकर आने वाले ट्रक, दूरस्थ शहरों को जाने वाली बसें और मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस फंसी रहीं।
मंगलवार सुबह हुई बारिश से बुधवार को धूल तो कम उड़ी, लेकिन मलबा गिरने का क्रम जारी रहा। घाट से गुरना के बीच इस समय बारहमासी सड़क के निर्माण का काम काफी तेजी से चला हुआ है। इस कारण बुधवार को घाट से आगे मीना बाजार, मटेला बैंड, कंतगांव के पास मलबा गिरने से सड़क जाम हो गई। बताया गया कि घाट से गुरना के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। तब तक लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ेगी। यात्रियों का कहना है कि रात के समय तेजी से काम किया जाए और दिन में यातायात को बाधित न होने दिया जाए।
पिथौरागढ़ से टनकपुर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, गंगोलीहाट जाने के लिए यही एकमात्र सड़क है। इस कारण सुबह के समय इस सड़क पर वाहनों की भीड़ रहती है। इस बीच प्रशासन के लगातार आदेश के बाद भी एनएच के अधिकारियों पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। जिलाधिकारी सी रविशंकर लगातार तीन बार एनएच के अधिकारियों को नोटिस दे चुके हैं और सड़क पर मलबा निस्तारण के लिए पूरी सावधानी बरतने के आदेश दिए जा चुके हैं, लेकिन इन आदेशों की अधिकारियों को कोई परवाह नहीं है।