जौलजीबी मेले में भगवान शिव पर आधारित नृत्य नाटिका पेश करते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
जौलजीबी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचने लगी है। सोमवार रात देवभूमि जागरण कला केंद्र कानड़ी झूलाघाट से आई कलाकारों की टीम ने मंच पर भगवान बदरी विशाल और महादेव की स्तुति पर कार्यक्रम दिखाए। कलाकारों ने भगवान शिव पर आधारित नृत्य नाटिका पेश की। जौलजीबी में गोरी और महाकाली के तट पर सोमवार रातभर भक्तिमय माहौल बना रहा। अल्मोड़ा नेहरू युवा सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीत पेश किए। अब मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने वालों की भीड़ उमड़ने लगी है।
मेलाधिकारी आरके पांडे ने बताया कि मेला बुधवार तक चलेगा। मुख्यमंत्री हरीश रावत मेले का समापन करेंगे। सोमवार रात के सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओएनजीसी के रिटायर्ड आफीसर पूरन सिंह सेलाल थे। संचालन करन थापा, लक्ष्मण बिष्ट और डीएन भट्ट ने किया। इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, दौलत पाल, शकुंतला दताल, लीला बनंग्याल आदि मौजूद थे। नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंच रहे हैं।
बिक्री कम होने से व्यापारी परेशान
जौलजीबी मेले में व्यापारिक गतिविधियां नोटबंदी के कारण काफी प्रभावित हुई हैं। इस बार दुकानों में खरीदारों की ज्यादा भीड़ नहीं है। व्यापारी खासे परेशान हैं। लोगों के पास बड़ा सामान खरीदने के लिए पैसा नहीं है। इस कारण जैकेट, ऊनी कंबल समेत अन्य सामान की बिक्री बहुत कम है। अलबत्ता सौंदर्य प्रसाधन, फास्ट फूड वाली सामग्री की बिक्री ठीकठाक है।