जिला मुख्यालय में पेयजल के साथ-साथ बिजली का संकट भी गहरा गया है। सोमवार को सुबह बैंक रोड पर हाई वोल्टेज के कारण कई घरों, दुकानों और आफिसों के बल्ब समेत अन्य उपकरण फुंक गए। विद्युत विभाग की टीम ने कुछ देर बाद इस खराबी को तो दूर कर लिया, लेकिन विद्युत सब स्टेशन के फीडर बाक्स में लगा केबल बाक्स सुबह 11 बजे फुंक गया। इस कारण नगर के बड़े हिस्से में छह घंटे तक सप्लाई ठप रही। जाड़ों के मौसम में कई घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि पिथौरागढ़ नगर समेत अन्य हिस्सों को धौलीगंगा पावर प्रोजेक्ट से मिलने वाली बिजली दी जाती है। यह बिजली 24 घंटे मिलती है, लेकिन विभाग का आंतरिक ढांचा इतना खोखला हो चुका है कि हमेशा बिजली की सप्लाई ठप होती रहती है। सैकड़ों घरों में बिजली के उपकरण फुंकने से उपभोक्ताओं में भारी गुस्सा है और विभाग से इसकी भरपाई करने को कहा है।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने बताया कि केबल बाक्स फुंकने से बिजली का व्यवधान हुआ। उन्होंने कहा कि केबल बाक्स को बदलने का काम तत्काल शुरू कर दिया गया था। हाई वोल्टेज की समस्या कैसे आई इसका पता लगाया जा रहा है।