जौलजीबी की काली नदी में राफ्टिंग करते राफ्टर। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
जौलजीबी में नेशनल ओपन व्हाइट वाटर राफ्टिंग एवं कयाकिंग प्रतियोगिता शुरू हो गई है। राफ्टिंग मैराथन में आईटीबीपी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
काली और गोरी नदी के संगम स्थल जौलजीबी में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, पर्वतारोहण एवं स्की संस्थान औली और केएमवीएन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिनी राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को आईटीबीपी औली के डीआईजी जीएस चौहान और उत्तराखंड पर्यटन के संयुक्त निदेशक पर्यटन विवेक चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय कर किया। प्रतियोगिता में देशभर की 18 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
इनमें 12 टीमें पुरुष और छह टीमें महिलाओं की हैं। पहले दिन उफनती काली नदी में राफ्टिंग और कयाकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राफ्टिंग में आईटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी, केएमवीएन के साथ ही स्थानीय एक, चंपावत की दो और दिल्ली की टीमों ने प्रतिभाग किया। जौलजीबी से हंसेश्वर तक आयोजित पांच किमी मैराथन में आईटीबीपी प्रथम और बीएसएफ की टीम द्वितीय स्थान पर रही। कयाकिंग के परिणाम शुक्रवार को जारी होंगे।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी धारचूला अनिल कुमार शुक्ला, जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी, केएमवीएन टीआरसी के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी, बलवंत कपकोटी समेत आईटीबीपी, एसएसबी, पुलिस और स्थानीय लोग मौजूद रहे।