जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा और उपाध्यक्ष कोमल सिंह मेहता को प्रमाण पत्र देते जिलाधिकारी डा
- फोटो : PITHORAGARH
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय कोमल सिंह मेहता ने बाजी मारी है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय चंदन सिंह बाणी को 10 मतों से पराजित किया है। कोमल को 19 मत मिले। तीसरे निर्दलीय प्रत्याशी जगत सिंह मर्तोलिया को मात्र 5 मत मिले। पिथौरागढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपिका बोहरा का निर्विरोध चुनी गई हैं। जिपं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थकों ने शहर में ढोल, नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर जश्न मनाया।
जिला पंचायत कार्यालय में बने मतदान केंद्र में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। सुबह 11 बजे से 33 सदस्यों में से मात्र तीन सदस्यों ने मत डाले थे। 12.30 बजे तक 7 वोट पड़ चुके थे। डेढ़ बजे तक 26 सदस्य मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। दोपहर 2.10 बजे सभी 33 सदस्यों के पड़ चुके थे।
ठीक 3 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई। कोमल सिंह मेहता को 19, चंदन सिंह बाणी को 9 और जगत सिंह मर्तोलिया को 5 मतों से संतोष करना पड़ा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदंडे ने नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल सिंह मेहता को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थकों ने ढोल, नगाड़े की थाप पर छलिया नर्तकों के साथ विजय जुलूस निकाला। जीत की खुशी में मिष्ठान वितरित किया गया। नव निर्वाचित जिपं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने जीत के लिए सभी का आभार जताया।