पिथौरागढ़। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर आईटीबीपी जवान से 19 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें नोटिस तामील कराया है।
जानकारी के अनुसार प्रविण सोनबाजी चौरे, निवासी ग्राम गोंडिमोहगांव, पोस्ट झिल्पा, तहसील काटोल, जिला नागपुर, महाराष्ट्र यहां 14वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल जाजरदेवल में कार्यरत हैं। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि टेलीग्राम पर इन्वेस्टमेंट ग्रुप के माध्यम से उन्हें निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों ने एक वेबसाइट फैशन ट्रेंड्स ऑनलाइन (fashiontrends.online) के जरिए निवेश करने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। वेबसाइट पर प्रविण सोनबाजी को 10 लाख रुपये निवेश करने पर 21,10,754 रुपये का लाभ होना बताया गया। लाभांश निकालने का प्रयास करने पर आरोपियों ने सिक्योरिटी फीस के नाम पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त धनराशि जमा करने को कहा। इस पर आईटीबीपी जवान ने अपने बैंक खातों से विभिन्न खातों में लगभग 19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर क्राइम सेल जाकर अपने बैंक खातों का स्टेटमेंट एवं अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए। थाना जाजरदेवल पुलिस टीम ने उप निरीक्षक आशीष रावत के नेतृत्व में सर्विलांस सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान पुलिस की सहायता से उनकी पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी अभय सिंह निवासी आजादनगर, राजस्थान और स्वरूप सिंह निवासी बाड़मेर, राजस्थान को धारा 35(3) बीएनएस के अंतर्गत नोटिस तामील कराते हुए कानूनी कार्रवाई के दायरे में लिया है। संवाद
कोट
थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले आरोपियों की पहचान कर राजस्थान में नोटिस तामील कराया है। इस मामले में अन्य लोग के भी शामिल होने की जांच की जा रही है। पुलिस लगातार लोगों से साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील भी कर रही है। - गोविंद बल्लभ जोशी, सीओ, पिथौरागढ़