पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर छारछुम में बने अंतरराष्ट्रीय मोटल पुल पर आवाजाही शुरू होने के लिए तीन महीने का और इंतजार करना पड़ेगा। यहां कस्टम स्टेशन के साथ ही एप्रोच रोड बननी है। डीएम ने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल सामरिक और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम आशीष कुमार भटगांई ने छारछुम पुल के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। लोनिवि अस्कोट के ईई अरुण अरोरा ने बताया कि पुल में एप्रोच रोड का निर्माण चल रहा है। अगले दो से तीन महीने में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। डीएम ने कस्टम विभाग को पुल के पास कस्टम स्टेशन की जल्द स्थापना के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम धारचूला का निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि सामरिक, व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पुल पर जल्द आवाजाही शुरू करानी होगी। बैठक में एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे, एडीएम योगेंद्र सिंह, एसई जीवन सिंह ह्यांकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।