आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने का धंधा पिथौरागढ़ में भी शुरू हो गया है। पिछली बार के आईपीएल में भी पुलिस ने कई मामले पकड़े थे। सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर मंगलवार रात एसओजी की टीम ने नगर में कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान सिनेमा लाइन में एक व्यक्ति को सट्टेबाजी के 16,670 रुपये और सट्टे के विवरण वाले चार पर्चियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजय जोशी के निर्देश पर यह छापामारी की गई। एसओजी प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, अनिल मर्तोलिया, यशपाल मेहता, राजकुमार को सिनेमा लाइन निवासी रतिकांत अरोड़ा के कब्जे से आईपीएल क्रिकेट मैचों में सट्टेबाजी से संबंधित सामग्री मिली। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
साथ ही एसओजी एवं पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह सट्टेबाजों पर नजर रखें और प्रमाण मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। बताया गया कि नगर में कुछ और लोग आईपीएल क्रिकेट में सट्टेबाजी कर रहे हैं। पुलिस अब उन पर भी नजर रख रही है। आईपीएल क्रिकेट के मैचों को लेकर यहां भी लोगों में भारी क्रेज है। पिछली बार भी पुलिस ने सट्टेबाजी के कई मामले पकड़े थे।