पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बीएसएनएल और निजी संचार कंपनियों की इंटरनेट सेवा बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटरनेट नहीं चलने के कारण सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा।
सोमवार सुबह 11 बजे बीएसएनएल की संचार सेवा ठप हो गई। तीन घंटे बाद दोपहर दो बजे संचार सेवा बहाल हो पाई। आधा घंटे से भी कम समय तक इंटरनेट चलने के बाद सेवा फिर ठप हो गई। बीएसएनएल के साथ ही निजी संचार कंपनियों की इंटरनेट सेवा बाधित रही। बीएसएनएल उपभोक्ताओं के मोबाइल से सिग्नल गायब होने के कारण लोग सगे संबंधियों से बात नहीं कर पाए। साइबर कैफे में ग्रामीण क्षेत्रों से ऑनलाइन कार्य कराने और फार्म भरने आए लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बीएसएनएल के एसडीओ मो. खालिद का कहना है कि हल्द्वानी में फाइबर और ओएफसी लाइन में खराबी आने के कारण पूरे कुमाऊं में बीएसएनएल की सेवाएं बाधित रहीं। उन्होंने बताया कि लाइन को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। संवाद