मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नेपाल और चीन सीमा से सटे इलाकों को अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग जोन के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। कहा कि झूलाघाट में भारत और नेपाल को जोड़ने वाला पुल यदि नेपाल बनाने में असमर्थ हुआ तो उत्तराखंड सरकार अपने बूते इस पुल का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री ने हाल में भारत और नेपाल के रिश्तों में आई तल्खी पर बोलते हुए कहा कि व्यापार से दोनों देशों के रिश्तों में मिठास आएगी। मुख्यमंत्री ने मूनाकोट-झूलाघाट मार्ग के चौड़ीकरण, डामरीकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने का एलान किया। कहा कि दोषियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने मां महेशानी महोत्सव के संचालन के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
मंगलवार को झूलाघाट में मां महेशानी विकास महोत्सव का उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं, इसको बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार सीमांत क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग जोन के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। ट्रेडिंग जोन सीमांत के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण साधन बनेगा। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि पंचेश्वर डैम की प्रत्याशा में टनकपुर-जौलजीबी सड़क को हाशिये में नहीं डाला जा सकता। राज्य सरकार अगले साल के बजट में इस सड़क के लिए वित्त की व्यवस्था करेगी। टनकपुर-जौलजीबी सड़क का निर्माण हर हाल में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गौड़ीहाट आईटीआई में नया ट्रेड शुरू करने, अलगड़ा में बहुउद्देशीय भवन निर्माण, गौड़ीहाट-झूलाघाट सड़क का चौड़ीकरण कराने, झूलाघाट-बलतड़ी सड़क में डामरीकरण कराने, झूलाघाट मुख्य बाजार के साथ ही पुरानी बाजार में डामरीकरण कराने, द्वालीसेरा में तटबंध निर्माण, भटेड़ी में पशु सेवा केंद्र, ड्योड़ा से तालेश्वर तक सड़क निर्माण करने, बड़ालू झील का विस्तार, ख्वांकोट में सामुदायिक भवन निर्माण करने के साथ ही जिला अस्पताल में 125 केवीए का जनरेटर लगाने की घोषणा की। सभा को विधायक मयूख महर समेत तमाम लोगों ने संबोधित किया।