जनता दरबार में समस्या सुनते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
जनता दरबार में पिछले छह माह से विधवा पेंशन का मामला उठने पर डीएम ने समाज कल्याण विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने पटल सहायक को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खंड अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र के अंतर्गत एक सप्ताह में ऐसे प्रकरणों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने समस्या उठाने वाली बुजुर्ग महिला को अपनी और रेडक्रास सोसायटी की ओर से तीन-तीन हजार रुपये की धनराशि मुहैया कराई।
सोमवार को जनता दरबार में कुल 109 आवेदन पत्र विभिन्न समस्याओं से संबंधित दर्ज कराए गए। ग्राम घुनसेरा से आई बुजुर्ग महिला कलावती देवी ने बताया कि उन्हें छह माह से विधवा पेंशन नहीं मिली है। इस पर डीएम सी रविशंकर ने समाज कल्याण विभाग की ओर से की गई लापरवाही पर नाराजगी जताई। कहा कि जिले में वृद्धावस्था, विकलांग एवं विधवा पेंशन की राशि लंबे समय से लाभार्थियों के खातों में जमा नहीं होने की शिकायत आ रही है।
बार-बार निर्देश देने के बावजूद इसमें सुधार नहीं लाया जा रहा है। डीएम ने विभाग में कार्यरत पटल सहायक को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ऐसे प्रकरणों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण का दायित्व तय करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही के लिए रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनता दरबार में कनालीछीना के खोलिया गांव के लोगों ने गंदे पानी की आपूर्ति होने, न्वाली के ग्रामीणों ने गांव में मार्ग अवरुद्ध होने, भड़कटिया के देवीदत्त पुनेड़ा ने उनके घर के पास स्थित पांच पेड़ों से हो रहे खतरे का मामला उठाया। जनता दरबार में पीडी डीआरडीए डीडी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ला, सीईओ वीके सिमल्टी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।