बिण विकासखंड सभागार में अभियान का दीप जलाकर शुभारंभ करते कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत। संवाद
पिथौरागढ़। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत अपने दो दिवसीय भ्रमण पर पिथौरागढ़ पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण तय समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए ताकि नए साल में यहां मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो सके। उन्होंने बेस अस्पताल में भी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखा। वहीं, बिण विकासखंड सभागार में लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
इससे पूर्व आयुक्त ने बिण विकासखंड सभागार में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान का दीप जलाकर शुभारंभ किया। डीएम आशीष भटगांई ने उन्हें पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग एक मंच पर आकर जनता की समस्या सुलझाएंगे, यही अभियान का उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनका तय समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चेक भी बांटे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को इस अभियान के तहत लगने वाले शिविरों में मौजूद रहने को कहा।
उन्होंने यहां लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद कुमाऊं आयुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने तय समय सीमा के भीतर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से यहां पहला बैच शुरू होगा। हर हाल में तय समय सीमा के भीतर इसका निर्माण पूरा करना होगा। बेस अस्पताल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों सहित अन्य व्यवस्थाओं की उपलब्धता को परखा। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, दायित्वधारी गणेश भंडारी, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी आदि मौजूद रहे।