बेड़ीनाग में वाहन से पानी भरते लोग
- फोटो : amar ujala
नगर में पेयजल किल्लत गंभीर रूप ले चुकी है। अब जल संस्थान नलों में पांचवें दिन पानी की सप्लाई कर रहा है। समस्या से निपटने के लिए जल संस्थान ने अपना एक विभागीय वाहन और पांच प्राइवेट वाहन पानी बांटने के काम में लगा दिए हैं। यह बात अलग है कि सभी इलाकों में वाहनों का पहुंच पाना संभव नहीं है।
इस समय सबसे ज्यादा किल्लत जवाहर चौक, नया बाजार, ट्रेजरी मोहल्ला, गणेश चौक, पुराना बाजार, जमुनानगर, डिग्री कॉलेज, भटीगांव में हो रही है। जिन लोगों के पास संसाधन हैं वह सात किलोमीटर दूर सुकल्याड़ी स्रोत से निजी वाहनों पर पानी ढोकर ला रहे हैं। 15 हजार की आबादी वाले इस नगर में पेयजल को लेकर त्राहि-त्राहि मच गई है। जल संस्थान के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि गोरघटिया पंपिंग योजना में पानी कम हो गया है। लगातार बिजली कटौती से भी पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है।
गोरघटिया से इस समय नगर की जरूरत का एक तिहाई पानी ही मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग संकट से निपटने के लिए पूरे इंतजाम कर रहा है। बेड़ीनाग नगर में लंबे समय से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। लोग रामगंगा से लिफ्ट पेयजल योजना के निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक इस योजना का प्रस्ताव तैयार नहीं हो पाया है।
डीडीहाट में भी गहराया पानी का संकट
डीडीहाट। डीडीहाट नगर में भी पानी का संकट गहराने लगा है। इस बार लगातार हो रही बारिश से स्रोत पूरी तरह सूखे नहीं हैं। फिर भी लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संस्थान किल्लत वाले मोहल्लों में टैंकरों से पानी बांट रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने बताया कि समस्या से निपटने के लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने लोगों से पानी का दुरुपयोग न करने की अपील की है।