पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने सड़क सुरक्षा बैठक में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कालामुनि से बेटुलीधार तक सड़क किनारे क्रश बैरियर लगाने के साथ ही अन्य संवेदनशील सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्य करने को कहा।
उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर उनमें सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मुनस्यारी-मिलम सड़क की जानकारी लेते हुए शीघ्र यातायात शुरू करने के लिए आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ को सड़क सुरक्षा नियमों पर जन जागरूकता बढ़ाने और व्यापक अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने व्यावसायिक और निजी वाहनों की फिटनेस, प्रदूषण जांच के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। बैठक में एसडीएम सदर वैभव कांडपाल, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी, एआरटीओ शिवांश कांडपाल समेत बीआरओ, आईटीबीपी, एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे।