आदि कैलाश यात्रा के लिए आज (बुधवार) से इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे। एक दिन में अधिकतम 500 परमिट ही जारी किए जाएंगे। शाम चार बजे बाद पास जारी नहीं होंगे। यात्रा पंजीकरण के लिए वेबसाइट https://pass.pithoragrah.online पर आवेदन किया जा सकता है।
आदि कैलाश, ओम पर्वत और कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारी के लिए मंगलवार को एसडीएम मंजीत सिंह ने बीआरओ, एसएसबी, हिलवेज, विभिन्न टैक्सी यूनियन, पुलिस, व्यापार मंडल, रं कल्याण संस्था, अनवाल समुदाय के अधिकारियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। धारचूला से तवाघाट में सड़क निर्माण कार्य और मानसून काल को देखते हुए वाहनों की आवाजाही के लिए आपसी सहमति से कार्य करने की समयसारिणी तय की गई।
एसडीएम ने सड़क निर्माण कंपनी हिलवेज के अधिकारी को समयसारिणी के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में बीआरओ के 67 आरसीसी के ओसी सौरव कुमार, एई आरके शर्मा, एसएसबी के एसी जुबैर अंसारी, हिलवेज के विनीत झा, सीनियर सब इंस्पेक्टर अंबी राम, खड़क सिंह दानू, महेंद्र ह्यांकी, हरीश गुंज्याल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
एक मई से लागू रहेगी समयसारिणी
एसडीएम मंजीत सिंह ने बताया कि शाम के 7:30 बजे से सुबह के छह बजे तक सड़क खुली रहेगी। यह समयसारिणी एक मई से लागू रहेगी। बीआरओ की हिलवेज कंपनी धारचूला से तवाघाट तक सड़क का निर्माण कार्य करेगी। यह समयसारिणी तवाघाट से लिपुलेख सड़क निर्माण का कार्य कर रही बीआरओ की सारथी कंपनी पर लागू नहीं होगी।
30 अप्रैल से इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे। प्रतिदिन 500 पास जारी होंगे। सड़क निर्माण कार्य और मानसून सत्र को देखते हुए शाम के चार बजे बाद यात्रियों को व्यास घाटी जाने की अनुमति नहीं होगी और न ही चार बजे बाद पास भी जारी नहीं होंगे।
- मंजीत सिंह, एसडीएम, धारचूला
धारचूला से तवाघाट तक सड़क खुलने और बंद होने का समय
सुबह 6 बजे से 10 बजे तक मार्ग खुला रहेगा।
सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा।
दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक मार्ग खुलेगा।
दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मार्ग बंद रहेगा।
3 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुला रहेगा।
शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक बंद रहेगा।
शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक खुला रहेगा।
शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक बंद रहेगा।
इनर लाइन परमिट के लिए आवश्यक दस्तावेज
आधार कार्ड
पुलिस वेरिफिकेशन (पासपोर्ट या यात्री के लोकल पुलिस थाने से)
मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट किसी भी सरकारी अस्पताल या एमबीबीएस प्राइवेट डॉक्टर से।
यात्री का एक कलर पासपोर्ट साइज का फोटो।
यात्री का स्वयं का और एक अपने परिजन का मोबाइल नंबर कुल दो मोबाइल नंबर फार्म में लिखने जरूरी।