आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर जाने वाले लोगों को इनरलाइन परमिट ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर सहमति बन गई है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेबसाइट अपडेट रखें और पूर्व वर्ष की निर्धारित तिथि से 15-20 दिन पहले ही यात्रा शुरू कर दें।
विज्ञापन
डीएम विनोद गोस्वामी ने यात्रा के दौरान पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। धारचूला क्षेत्र में ठहरने की व्यवस्था कम होने से जिला मुख्यालय में यात्रियों को अधिक से अधिक ठहराएं ताकि यहां भी पर्यटन और आर्थिकी को बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों की सहूलियत के लिए पुलिस सत्यापन स्थानीय स्तर पर करें। यात्रा सुगम हो, इसके लिए सर्वे टीम गठित करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रियों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम धारचूला मंजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी जयराज सिंह नबियाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
ज्योलिंगकांग और गुंजी में करें डॉक्टर की तैनाती
डीएम ने सीएमओ को ज्योलिंगकांग और गुंजी में एक-एक चिकित्सक की तैनाती करने के निर्देश दिए। गुंजी में एक एंबुलेंस की तैनाती अनिवार्य रूप से करने, ऑक्सीजन सिलिंडर और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। यात्री दलों के साथ जाने वाले गाइड को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाए। कहा कि जीवन रक्षक संसाधनों के अभाव में किसी भी यात्री के साथ अनहोनी नहीं होनी चाहिए।