पठानकोट में हुई आतंकी घटना के बाद नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने कड़ा पहरा शुरू कर दिया है। नेपाल सीमा पर बहने वाली महाकाली के किनारे लगातार कांबिंग हो रही है। सीमा से सटे गांवों के लोगों को इस बात की जानकारी दी जा रही है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो तत्काल उसकी सूचना दें। एसएसबी ने अपने कैंप से लेकर सीमू तक पेट्रोलिंग की। हल्दू, तालेश्वर, ध्याण, झूलाघाट में विशेष नजर रखी जा रही है।
इधर, जानकारी मिली है कि सीमा पर तैनात अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। नेपाल को जोड़ने वाले सभी रास्तों पर सघन कांबिंग चलाई जा रही है। एसएसबी के उपनिरीक्षक सैयद अफसर, सहायक उपनिरीक्षक यशपाल सिंह, नरेंद्र प्रसाद भट्ट, मो. सैज अली, शहाबुद्दीन, आशुतोष, गोविंद सिंह, बी मिश्रा आदि की टीम ने महाकाली के किनारे गश्त की। पुलिस ने भी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। नेपाल सीमा पर स्थित झूलापुलों में आने जाने वालों की सख्त चेकिंग की जा रही है। उधर, धारचूला क्षेत्र में भी पुलिस और एसएसबी की गश्त तेज हो गई है। महाकाली के किनारे लगातार चेकिंग की जा रही है और आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।