भारत-तिब्बत अंतरराष्ट्रीय स्थल व्यापार इस बार एक जून से 15 अक्तूबर तक चलेगा। मौसम खराब होने की स्थिति में व्यापार की अवधि 15 दिन और बढ़ाई जाएगी। व्यापार की प्रक्रिया एक जून से शुरू हो जाएगी। व्यापारियों को परमिट जारी किए जाएंगे। फिलहाल धारचूला स्थित ट्रेड कार्यालय को 100 ट्रेड परमिट मिल गए हैं। 300 परमिट और मंगाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में व्यापार की तैयारी को लेकर शनिवार को बैठक हुई, जिसमें ट्रेड अधिकारी और धारचूला के एसडीएम एके पांडे ने बताया कि व्यापार अवधि में पशु चिकित्साधिकारी और कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंधक को सहायक ट्रेड अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया जाएगा। गुंजी स्थित भारतीय व्यापारिक मंडी में हर बार की तरह ट्रेड कार्यालय खुलेगा। एक जून से गुंजी में भारतीय स्टेट बैंक की अस्थायी शाखा खुल जाएगी। गुंजी में ट्रेड कार्यालय के संचालन के लिए सहायक ट्रेड अधिकारी के साथ पीआरडी के दो जवान भी तैनात किए जाएंगे। गुंजी में कस्टम कार्यालय व्यापार शुरू होने तक खुल जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि व्यापारियों का सामान लाने और ले जाने के लिए पोनी पोर्टर्स की तैनाती होगी। उनके किराए के दरों का निर्धारण जल्दी कर लिया जाएगा। भारतीय व्यापारी गुड़, मिश्री, चाय, तंबाकू आदि सामान समेत तिब्बत की मंडी तकलाकोट जाते हैं और वहां से तिब्बती ऊन, रेशम, रेडीमेड कपड़े, जूते आदि सामान लेकर लौटते हैं।