पिथौरागढ़। लोगों में आर्थराइटिस, जोड़ों में दर्द, कमर दर्द, ऑस्टियोफाइट्स बीमारी की समस्या बढ़ रही है। इन समस्याओं को लेकर रोजाना 20 से 25 लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे रहे हैं।
चिकित्सकों के मुताबिक, आर्थराइटिस, जोड़ों में दर्द के पुराने मरीजों को बारिश होने के बाद ठंड बढ़ने से अधिक समस्या होने लगती है। इससे उनके घुटने, कंधे, हाथ-पैर में दर्द, जोड़ों में दर्द उठने लगाता है। इस तरह की समस्या वाले 12-15 मरीज रोजाना अस्पताल पहुंचते हैं, जबकि ऑस्टियोफाइट्स की समस्या वाले सात से 10 मरीज आ रहे हैं। उम्र के साथ जोड़ों के सिरों को सुरक्षित रखने वाली कार्टिलेज घिस जाने से भी यह समस्या होती है। क्यों कि हड्डी आपस में रगड़ती है और शरीर की उस क्षति की भरपाई के लिए अतिरिक्त हड्डी उभर आती है। ऐसे में मरीज को चलने में समस्या होती है और पैर में काफी तेज दर्द होता है। फिजियोथेरेपिस्ट विभाग में रोजाना 50 से 60 ओपीडी होती हैं। चिकित्सक के अनुसार, मरीज को नरम या आरामदायक जूते पहने चाहिए। वहीं आर्थराइटिस, जोड़ों में दर्द के मरीजों को ठंड से बचाव और नियमित व्यायाम करना चाहिए।
-
वर्तमान में आर्थराइटिस, जोड़ों में दर्द, ऑस्टियोफाइट्स के मरीज काफी संख्या में इलाज को अस्पताल आ रहे हैं। यह समस्या अधिकतर महिलाओं और बुजुर्गों में है। मरीजों को बेहतर परामर्श दिया जाता है।
- डॉ.रवि जोशी, फिजियोथेरेपिस्ट, जिला अस्पताल पिथौरागढ़