चंपावत। जिला अस्पताल में पिछले एक माह से सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में बुजुर्ग और बीमार बच्चों का आना शुरू हो गया है। सांस फूलने, खांसी और सीने में जकड़न की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं।
पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे और 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बदलते मौसम, धूल और वायु प्रदूषण के कारण सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। खांसी या सांस फूलने की समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बिना सलाह के दवा बिल्कुल भी न लें।
बचाव के उपाय
धूल और धुएं के संपर्क में आने से बचें।
घर और आसपास साफ-सफाई रखें।
प्रदूषण अधिक होने पर बाहर निकलने से बचें।
बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाकर रखें।
पर्याप्त पानी पिएं और संतुलित आहार लें।