फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुपयों के लिए ठंड में लोग पसीना बहा रहे

Fri, 06 Jan 2017 10:44 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ स्टेट बैंक में पैसे लेने के लिए पहुंची लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के 50 दिन गुजरने के बाद सब कुछ सामान्य होने की उम्मीद लगाए लोगों का गुस्सा अब बढ़ने लगा है। 50 दिन बाद बैंकों में कैश की भारी कमी हो गई है और लोगों को बैंक से रुपया निकालने के लिए जनवरी की कड़कती ठंड में पसीना बहाना पड़ रहा है। बैंकों में शुक्रवार को लोगों की काफी भीड़ थी। 50 दिन पूरे होते ही बैंकों ने निकासी की राशि बढ़ाने के बजाए और कम कर दी है। लोगों के खातों में पैसा तो है, लेकिन बैंक में नकदी का अभाव हो गया है।
विज्ञापन


स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से अब अधिकतम दस हजार रुपए का ही भुगतान हो रहा है। ग्रामीण इलाकों के बैंकों में कैश न होने से लोग नगर की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां भी अधिकांश एटीएम में पैसा नहीं है। चेस्ट ब्रांच से ग्रामीण बैंक शाखाओं को दो लाख रुपए ही दिए जा रहे हैं। इससे अधिक कैश दे पाना संभव नहीं है। पहले लोगों ने अनुमान लगाया था कि 30 दिसंबर के बाद निकासी की राशि बढ़ेगी और बैंकों में चल रही कैश की किल्लत समाप्त होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महीने और साल का पहला सप्ताह होने के कारण लोगों को इस समय पैसों की जरूरत अधिक रहती है।

एसबीआई मुख्य शाखा के डिप्टी मैनेजर मुन्ना गिरी गोस्वामी ने बताया कि स्टेट बैंक में 5,000 से अधिक पेंशनधारकों एवं 10,000 से अधिक कर्मचारियों के वेतन के खाते हैं और काफी संख्या में अन्य खाते हैं। अभी पैसे की कमी से लोगों को कई बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसी कारण भीड़ बढ़ रही है। इस समय स्टेट बैंक के अंदर, जाजरदेवल, कासनी और पुलिस लाइन के एटीएम से ही पैसा निकल पा रहा है। स्टेट बैंक एवं अन्य बैंकों के दर्जनों एटीएम खाली पड़े हैं।
विज्ञापन


आज से कुछ स्थिति सुधरने की उम्मीद
पिथौरागढ़। एसबीआई के रोकड़ अधिकारी कन्हैया लाल आरबीआई से पिथौरागढ़ के लिए भेजे गए नोटों को लाने के लिए रवाना हो गए हैं। आरबीआई कानपुर से भेजी गई 27 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि शनिवार तक यहां पहुंचेगी। उसके बाद स्थिति कुछ दिन तक सामान्य होने की उम्मीद है।

आगामी विवाह के लग्न भी दिक्कत वाले होंगे
पिथौरागढ़। विवाह के लग्न 16 जनवरी से शुरू होंगे। नवंबर में जिस तरह लोगों को नोटबंदी के कारण विवाह कार्यक्रमों में कठिनाई का सामना करना पड़ा था, ठीक वैसी ही स्थिति फिर से आने वाली है। बैंकों से कैश निकासी की सीमा न बढ़ने से विवाह के दौरान लोग फिर से परेशान होंगे। माघ का महीना 14 जनवरी से लगेगा। उसके बाद विवाह के लग्न शुरू हो जाएंगे।

गंगोलीहाट में मिल रहे सिर्फ दो हजार
गंगोलीहाट। यहां बैंक के खाताधारकों को भुगतान में सिर्फ दो हजार रुपए मिल रहे हैं। स्टेट बैंक का एटीएम बंद पड़ा है। नोटबंदी के बाद यह एटीएम सिर्फ दो ही दिन चल पाया। बैंक से भुगतान लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन उनको निराशा हाथ लग रही है। बैंक से कम भुगतान मिलने से लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें