पड़ोसी देश नेपाल के बैतड़ी जिले में आत्महत्या की घटनाएं नेपाल के अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक है। आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बैतड़ी में आत्महत्या के मामले बढ़े हैं। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी ने कारणों को जानने के बाद लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम चलाने का फैसला लिया है।
नेपाल के बैतड़ी जिले में आए दिन होने वाले आत्महत्या के मामले चौंकाने वाले हैं। वर्ष 2014-15 की तुलना में वर्ष 2015-16 में आत्महत्या के मामलों में दोगुनी वृद्धि हुई है। इस वृद्धि को कम करने के लिए बैतड़ी के पुलिस अधीक्षक बाल नर सिंह राणा ने विभिन्न जन चेतना के कार्यक्रम चलाने का फैसला लिया है। बैतड़ी में वर्ष 2014-15 में 16 लोगों ने आत्महत्या की थी और यह आंकड़ा वर्ष 2015-16 में बढ़कर अब तक 30 हो गया है।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी ने बताया कि आत्महत्या करने वाले लोगों की उम्र 14 से 60 वर्ष की है। नेपाल के विक्रमी संवत् के इस आर्थिक वर्ष के अनुसार साल के प्रथम 5 महीनों में अब तक 12 लोगों की मृत्यु का कारण तनाव, चिड़चिड़ापन, डर, किसी के साथ बातें न करना, अकेलापन और नशीले पदार्थ का सेवन करना आदि है। पुलिस अधीक्षक राणा ने लोगों को बताया कि परिवार के किसी भी व्यक्ति में ऐसे लक्षण पाए जाने पर उसे घर पर ही समझाना चाहिए और डॉक्टरी सलाह लेनी चाहिए। ऐसे लक्षणों का प्रमुख कारण प्यार में धोखा, पारिवारिक कलह, कमजोर आर्थिक स्थिति, व्यक्ति को मानसिक रोग और मादक पदार्थों का सेवन आदि है।
बैतड़ी जिले में इस तरह बेतहाशा बढ़ रहे आत्महत्या के मामलों से प्रशासन और पुलिस विभाग चिंतित है। इसके लिए जगह-जगह कार्यक्रम कर परिवार के सदस्य और अन्य लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बैतड़ी के एसपी राणा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति पुलिस की मदद ले सकता है।