चंपावत। जिले के सरकारी विद्यालयों में जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी बनी हुई है। ऐसे में कहीं अतिथि शिक्षकों तो कहीं अन्य विषयों के शिक्षकों के भरोसे विज्ञान की पढ़ाई चल रही है। ऐसे में इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
सीमांत चंपावत जिले में कक्षा छह से 12 वीं तक के 106 सरकारी विद्यालय संचालित हैं। इनमें से करीब 46 विद्यालयों में कक्षा 11 वीं और 12 वीं के लगभग पांच हजार छात्र-छात्राएं विज्ञान विषय की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके बावजूद जिले के इंटर कॉलेजों में विज्ञान विषय के शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। मानकों के अनुसार, जिले के विद्यालयों में भौतिक विज्ञान के 46, रसायन विज्ञान के 46 और जीव विज्ञान के 45 पद स्वीकृत हैं। इनमें से भौतिक विज्ञान के 30, रसायन विज्ञान के 40 और जीव विज्ञान के 39 पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विद्यालयों में व्यवस्था के तहत भौतिक विज्ञान में 21, रसायन विज्ञान में 19 और जीव विज्ञान में 18 अतिथि शिक्षक तैनात किए गए हैं।
बावजूद इसके जिले में भौतिक विज्ञान के नौ, रसायन विज्ञान के 21 और जीव विज्ञान के 21 पद रिक्त हैं। इन पदों पर पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। जिले के दुर्गम क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों की स्थिति सबसे खराब हैं। दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में छात्र संख्या अच्छी होने के बावजूद शिक्षक नहीं हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को व्यवस्था के तहत विज्ञान विषय अन्य विषयों के शिक्षकों को पढ़ाना मजबूरी है।
-
हाईस्कूल की शिक्षिका के जिम्मे इंटर की कक्षाओं को पढ़ाने की जिम्मेदारी
राजकीय इंटर कॉलेज चल्थी के प्रधानाचार्य महेश राणा ने बताया कि इस शैक्षिक सत्र में विद्यालय में 135 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा 11 वीं और 12 वीं के 51 विद्यार्थी शामिल हैं। विज्ञान संकाय में कुल आठ छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें कक्षा 11 वीं में तीन और 12 वीं में पांच विद्यार्थी हैं। विद्यालय में जीव विज्ञान के प्रवक्ता का पद रिक्त चल रहा है। ऐसे में व्यवस्था के तहत कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को हाईस्कूल की विज्ञान विषय की शिक्षिका और कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान के प्रवक्ता पढ़ा रहे हैं। इसके अलावा विद्यालय में भौतिक विज्ञान विषय के लिए अतिथि शिक्षक की तैनात हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में सभी पदों पर शिक्षकों की तैनाती नहीं होने के कारण छात्र संख्या घट रही है।
-
रिक्त पदों पर भर्ती शासन स्तर से की जाती है। खाली पदों को भरने के लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है। जिन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी है वहां शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। -मान सिंह, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, चंपावत