मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। तहसीलदार आशीष रौतेला ने पूर्ति विभाग के खाद्यान्न गोदाम के साथ ही सस्ते गल्ले की दुकानों का निरीक्षण किया। उपभोक्ताओं को राशन के साथ पर्ची न देने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न का स्टॉक रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों से मिलान किया गया। साथ ही गोदाम एवं सस्ते गल्ले की दुकानों में रखे चावल, गेहूं की गुणवत्ता और उपलब्धता भी जांची गई। तहसीलदार ने स्टॉक रजिस्टर को ठीक रखने के लिए पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए। बाद में उन्होंने सस्ते गल्ले की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि दुकानों के बाहर प्रदर्शित दर सूची में आवश्यक सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने संबंधित दुकान संचालकों को निर्देशित किया। निरीक्षण में पाया गया कि राशन वितरण के बाद उपभोक्ताओं को पर्ची नहीं दी जा रही है। उन्होंने दुकान संचालकों को कमियों को दूर करने और भविष्य में नियमानुसार राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
..........
बेड़ीनाग में सस्ता गल्ला की दुकानों में परखा राशन
बेड़ीनाग। एसडीएम आशीष जोशी ने नगर सहित उडियारी, कालेटी में सस्ता गल्ला की दुकानों का निरीक्षण कर राशन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने सस्ता गल्ला विक्रेताओं को मानकों के अनुरूप राशन बांटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन की गुणवत्ता सही नहीं हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस मौके पर तहसीलदार वतन गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक विमल दुर्गापाल आदि मौजूद रहे। संवाद