नगर के कई मोहल्लों में बारिश के सीजन में भी पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पर्यटक आवासगृह, जिला पंचायत के आवासीय परिसर, सेरा, खड़कोट के कुछ हिस्सों, पुनेड़ी में पेयजल की सप्लाई दो दिन से ठप है। शनिवार को जल संस्थान ने कुछ इलाकों में पानी बांटा, लेकिन अधिकांश इलाकों को वंचित कर दिया। रविवार को यह कहकर पानी की सप्लाई नहीं की गई कि पंपों को नदियों में सिल्ट आने के कारण नहीं चलाया गया है। लोगों को दो दिन से पानी न आने के कारण भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। इन मोहल्लों में हैंडपंप और सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट भी नहीं लगे हैं। लोगों ने बारिश का पानी एकत्र कर काम चलाया।
नगर की पेयजल व्यवस्था इस बार गर्मी के सीजन से ही खराब चल रही है। लोगों को उम्मीद थी कि बारिश होने के बाद संकट दूर हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जल संस्थान कभी बिजली न होने और कभी पंपों के न चलने का बहाना बनाकर सप्लाई रोक देता है। दो दिन से पानी न आने के कारण उपभोक्ता खासे परेशान हैं। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा का कहना है कि भारी बारिश के कारण नदियों में सिल्ट आ गई थी, इस कारण पंप नहीं चलाए गए। सिल्ट में पंप चलाने से उनके खराब होने का खतरा रहता है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
अस्कोट के कई गांवों की बिजली गुल
अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट क्षेत्र में बिजली सप्लाई शनिवार शाम से ठप है, जिस कारण डुंगरा, डांगती, चौंसाल, उड़मा, बस्तड़ी, पत्थरकोट, दिगरा, गर्खा, भागीचौरा, ओगला, सिलोनी, ड्योड़ा, जौरासी, नारायणनगर, बगड़ीहाट, देवल, हिमकोट, अस्कोट की 50000 हजार की आबादी को काफी परेशानी हो रही है। मोबाइल चार्ज न होने की वजह लोगों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी दरपान सिंह निर्खुपा का कहना है कि उन्हें क्षेत्र में बिजली न होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो शीघ्र बिजली व्यवस्था सुचारु की जाएगी।