झूलाघाट से फरार आरोपी सुरेश प्रसाद
- फोटो : अमर उजाला
मारपीट के आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने पर झूलाघाट के थाना प्रभारी टीएस राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया है और थाने में तैनात कांस्टेबल रेखा निर्खुपा, मुंशी दिनेश गिरी को निलंबित कर दिया गया है। बताया गया कि थाना प्रभारी ने इस घटना को छिपाने की पूरी कोशिश की थी और आरोपी के फरार होने के बाद भी समय पर उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं दी। पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा है कि इस मामले की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। सीओ विमल आचार्य को इस प्रकरण की जांच सौंपी है।
बताया गया कि दोबांस निवासी सुरेश प्रसाद (28) पुत्र केशर राम ने 25 दिसंबर को अपने गांव में महेश चंद्र जोशी की पत्नी कौशल्या देवी के साथ मारपीट की थी। घटना की रिपोर्ट 26 दिसंबर को थाने में दर्ज हुई। पुलिस ने 28 दिसंबर की सुबह आरोपी सुरेश प्रसाद को गिरफ्तार कर थाने के लॉकअप में डाल दिया। दोपहर में जब सुरेश प्रसाद को खाना दिया जा रहा था तो वह कांस्टेबल रेखा निर्खुपा को धक्का देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। थाने की पुलिस ने इस घटना को कतई गंभीरता से नहीं लिया और सुरेश प्रसाद के खुद ही वापस आने का इंतजार करने लगे।
जब रात तक सुरेश प्रसाद का कहीं पता नहीं चला तब जाकर जिला पुलिस मुख्यालय सूचना दी गई। एसपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए एसएसबी की भी मदद ली जा रही है। अगली व्यवस्था तक एसओजी प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा को झूलाघाट थाने का काम सौंपा गया है। वह फरार आरोपी को पकड़ने में भी मदद करेंगे।