पिथौरागढ़। प्रतिबंध के बाद भी पोकलैन और जेसीबी के साथ ही ब्लास्टिंग कर हमारे घरों के पास मैग्नेसाइट का अवैध खनन किया जा रहा। इससे घरों में दरारें आ गईं हैं और हम रात भर ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। शिकायत के बाद भी अवैध खनन को रोककर हमारे घरों को बचाने की जिम्मेदारी नहीं उठाई जा रही है। यह कहा कनालीछीना विकासखंड के डुंडू गांव के ग्रामीणों ने। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर अवैध खनन को रोकने की मांग की।
ग्रामीणों ने मैग्नेसाइट के अवैध खनन का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि डुंडू में वर्ष 2021 से मैग्नेसाइट के खनन पर रोक है। पिछले चार महीने से मैग्नेसाइट का पोकलैन, जेसीबी के साथ ही ब्लास्टिंग से अवैध खनन किया जा रहा है। खनन क्षेत्र के 100 मीटर दायरे में उनके घर, मंदिर और स्कूल हैं। ब्लास्टिंग करने से घरों के साथ ही मंदिर और स्कूलों में दरारें पड़ने लगीं हैं। खनन क्षेत्र में 40 मीटर गहरा गड्ढा बन गया है इससे जमीन धंस रही है। इन हालात में हमारे घरों को खतरा पैदा हो गया है।
शिकायत के बाद भी खनन रोकने के लिए गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा जल्द अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो वे आमरण अनशन करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में ललित मोहन पंत, मनोज पांडे, प्रमोद बिष्ट, ललित पांडे, हिमांशु कुमार, होशियार सिंह, अमित सिंह, विनोद चंद्र, विनोद वर्मा आदि शामिल रहे।