धारचूला के पांगला में काली नदी के ऊपर अवैध रूप से लगाई गई क्रासिंग तार को काटते सुरक्षा बलों के जव?
- फोटो : PITHORAGARH
पुलिस और एसएसबी ने धारचूला में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध रूप से आवाजाही के लिए लगाए गए तार काट दिए हैं। दोनों देशों की सीमाएं बंद होने से इस समय लोग काली नदी से अवैध रूप से आवागमन कर रहे हैं। कोरोना की आशंका को लेकर यह कदम उठाया गया है।
कोरोना के कारण भयभीत लोग घरों को वापसी कर रहे हैं। पिथौरागढ़ जिले की भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के बीच आवागमन के लिए झूला पुल बनाए गए हैं। कुछ स्थानों पर लोगों ने अवैध रूप से आवाजाही के लिए काली नदी के ऊपर तार लगाए हैं। कोरोना के भय से दोनों देशों ने अपने गेट बंद कर दिए हैं। ऐसे में इन तारों से भी आवागमन की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
पिथौरागढ़ की एसपी प्रीति प्रियदर्शनी के निर्देश पर पांगला पुलिस और एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर धस्कूघाट, बराती घाट, मालकटिया घाट, दोकट घाट, तीनतोला घाट, जंगति घाट, तवाघाट मंदिर घाट पर लगाई गई तारें काट दी हैं। तारें काटने के बाद कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से आवाजाही नहीं कर सकेगा। इस अभियान में एसआई संजय पूनिया, एसएसबी के एसआई कुलदीप सिंह, एएसआई दिलीप सिंह, कांस्टेबल राकेश राणा, अजय कुमार सहित 11 जवानों की टीम शामिल रही।