पिथौरागढ़ में आयोजित जनता मिलन में समस्याएं सुनते जिलाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार के 28 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम सी रविशंकर ने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया, उनका शीघ्र समाधान कर आवेदनकर्ता को भी अवगत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
धारचूला के भुवन चंद्र पाठक ने अवैध रूप से बन रहे भवन के कारण भविष्य में उनके भवन को खतरा होने का मामला उठाया। डीएम ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एसडीएम धारचूला आरके पांडेय को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए। कहा कि भवन अवैध रूप से बनाया जा रहा है तो रोक लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई करें। पूर्व सभासद सुबोध बिष्ट ने नगर में बिना रवन्ने के अवैध रूप से खनन सामग्री ला रहे ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम ने पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र राजगुरु को प्रत्येक सप्ताह थाना, चौकी में लगाए गए सीसीटीवी का स्वयं निरीक्षण करते हुए माह के अंत तक निरीक्षण रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराने और अवैध रूप से खनन सामग्री ला रहे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत हल्दू के प्रधान जमन सिंह ने जमतड़ी से हल्दू तक मोटर मार्ग के निर्माण के संबंध में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। बोयल गंगोलीहाट के जीवन सिंह मेहता ने अग्रोन बैंड से बोयल तक सड़क निर्माण, बजेटी के लोगों ने पांडेगांव पुल से बजेटी होते सेरा सड़क का मिलान करने की मांग की। डीएम ने सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
कहा कि ठेकेदार कार्य शुरू नहीं करता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करें। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी भट्ट ने विभिन्न स्वीकृत सड़कों के निर्माण का मामला उठाया। डीएम ने लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को अंतिम चेतावनी दी। कहा कि 31 अक्तूबर तक के लंबित प्रकरणों के संबंध में 19 दिसंबर अपरान्ह 3 बजे तक कार्यालयाध्यक्ष विस्तृत जानकारी से उन्हें अवगत कराएंगे।