पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने कहा कि यदि किसी इलाके में सड़क हादसा हुआ तो उस क्षेत्र के थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब यह भी देखा जाएगा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पुलिस टीम ने पहले चेकिंग की थी या नहीं। वाहन चेकिंग के मामले में झूलाघाट, गंगोलीहाट, डीडीहाट और अस्कोट थाना पुलिस की सुस्ती पर एसपी ने सख्त नाराजगी दिखाई। कहा कि अपनी कार्यशैली को सुधारें।
एसपी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड पर खास नजर रहेगी। इसके अलावा कारों में अब सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा, यदि इस नियम का पालन नहीं होगा तो वाहन चालक का चालान किया जाएगा। एसपी ने नए पुलिस महानिदेशक की प्राथमिकताओं की जानकारी पुलिसकर्मियों को देते हुए कहा कि खतरनाक सड़कों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, पैराफिट बनाने, संकरी सड़कों को चौड़ा करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखा गया।
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी जीएल कोहली, प्रतिसार निरीक्षक दिनेश चंद्र बडोला, एलआईयू निरीक्षक मुकेश पंत समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद थे। इस बीच पुलिस ने वाहनों की चेकिंग का अभियान बुधवार को भी जारी रखा। बुधवार को बिना हेलमेट वाले 41, तीन सवारी बैठाने पर 4, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड में एक एक वाहन चालक का चालान हुआ।