चंपावत। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र से अपने सभी परिसरों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परिसरों में छात्र-छात्राओं के लिए परिचय पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य कर दिया है। अब बिना वैध परिचय पत्र के किसी भी छात्र को परिसर के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य परिसरों में बाहरी व्यक्तियों के अनावश्यक आवागमन को रोकना है। विश्वविद्यालय के अधीन अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में परिसर संचालित हैं। इन चारों परिसरों में प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए आते हैं। पहले उनके साथ बाहरी लोग भी परिसर में आते-जाते रहते थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। यह नई व्यवस्था आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होगी।
70 रुपये शुल्क चुकाना होगा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिचय पत्र (आईडी कार्ड) जारी करने के लिए प्रति छात्र 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 से सभी परिसरों में प्रवेश शुल्क के साथ ही यह राशि भी छात्रों से ली जाएगी। शुल्क जमा होने के बाद छात्रों के परिचय पत्र तैयार किए जाएंगे, जिनके आधार पर उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा और परिसर में अनधिकृत प्रवेश रोकने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। यह व्यवस्था नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से लागू होगी। बिना वैध परिचय पत्र के किसी भी छात्र-छात्रा को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
-डॉ. सिमरन, प्रभारी निदेशक, कैंपस चंपावत