पिथौरागढ़ पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस ने छह जनवरी को टकाना में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी का कहना है कि साहब! मैं नशे का आदी हूं मुझसे कोई काम धाम नहीं होता है इसलिए चोरी करने को मजबूर हूं। चोरी किए गए रुपये नशे में उड़ा दिए हैं अब मेरे पास सिर्फ 3500 रुपये बचे हैं। चुराए हुए रुपये से नशे का शौक पूरा किया।
टकाना कॉलोनी निवासी सुंदर सिंह मर्तोलिया ने नौ जनवरी को कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर शिकायत की थी कि छह जनवरी को वह परिवार के साथ विशाल मेगामार्ट गए थे। रात 8:40 बजे लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा था। अज्ञात व्यक्ति ने लॉकर में रखे 6500 रुपये, दूसरे कमरे से 4000 रुपये, आधार कार्ड और बच्ची के पर्स में से रुपये चुरा लिए थे।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 380 भादवि में मुकदमा दर्ज किया। एसपी लोकेश्वर सिंह ने चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठन किया। एसआई सोमेंद्र सिंह ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से अजय कोहली (21) निवासी चुंगी बिण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 3500 रुपये बरामद किए हैं। चोरी के आरोपी अजय कोहली ने पुलिस पूछताछ में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली है।
युवक का कहना है कि वह नशे का आदी है उससे कोई काम-धाम नहीं होता है। छह जनवरी की शाम वह नशे की तलाश में टकाना की तरफ गया था। उसे एक घर में ताला लगा हुआ दिखा तो मौका देखकर घर का ताला तोड़कर नकदी पार कर ली। इसमें से काफी रुपये नशे का शौक पूरा करने में खर्च कर दिए हैं। उसने बताया कि अब उसके पास सिर्फ 3500 रुपये ही बचे हैं। वह कहता है कि, ‘साहब! मुझे नशे की तलब है इसलिए मैं चोरी करने के लिए मजबूर हो गया था।’
पुलिस ने आरोपी के पास के पास से बरामद राशि के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 411 बढ़ोतरी की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में एसआई सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुरेंद्र धामी, छत्तर सिंह मौजूद रहे।