हरड़िया नाले से कटाव बंद नहीं हो रहा है। यह पूरे जलागम क्षेत्र से मिट्टी और मलबा बहाकर रामगंगा में पाटता जा रहा है। शुक्रवार शाम भारी मलबा और पत्थर पटने से रामगंगा का प्रवाह रुक गया है। इस कारण बांसगौन गांव के सात परिवार खतरे की जद में आ गए हैं, यदि पानी ज्यादा बढ़ता है तो गांव के लोगों को शिफ्ट करना पड़ जाएगा। एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को स्थिति पर नजर रखने के लिए मौके पर भेज दिया गया है। रामगंगा का प्रवाह रुकने से लोगों में भारी दहशत है।
इलाके में एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रामगंगा का जल स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। नदी का प्रवाह रुकने से बांसगौन गांव में भूकटाव का खतरा बढ़ गया है। इससे पहले 2011 में हरड़िया से सटे नया बस्ती गांव में भी भारी भूकटाव हुआ था। इस कारण गांव के 22 परिवारों को शिफ्ट करना पड़ा था। कुछ परिवार गांव में खतरे को देखते हुए तराई में जाकर बस गए हैं।
बांसगौन से सटे टिमटिया गांव को भी भारी खतरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी प्रशासन को दे दी है। एसडीएम ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। नदी के रुके प्रवाह को चालू कर पाना संभव नहीं है। खतरे से घिरे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-20.50 एमएम
गंगोलीहाट-16.00 एमएम
बेड़ीनाग-21.20 एमएम
डीडीहाट-7.00 एमएम
मुनस्यारी-4.00 एमएम
धारचूला-4.00 एमएम
बारिश का अलर्ट अभी जारी
पिथौरागढ़। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मध्यम और तेज बारिश का क्रम जारी रहेगा। डीएम एचसी सेमवाल के निर्देश पर पूरे जिले में अभी अलर्ट जारी है। लोगों से सफर करते समय सावधानी बरतने और नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि सभी तहसीलों में सतर्कता बरतने को कहा गया है।