पिथौरागढ़ में शनिवार देर रात हुए एक मकान विस्फोट के बाद जानकारी लेते कर्मचारी एवं अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
नगर के टकाना क्षेत्र की जागृति कॉलोनी में एक मकान में हुए विस्फोट का सुराग जानने के लिए विभिन्न विभागों की टीम ने मुआयना किया। हालांकि काफी छानबीन के बाद भी विस्फोट को लेकर कोई अहम सुराग नहीं मिला। इससे चलते मकान में विस्फोट की रहस्यमय घटना से पर्दा नहीं उठ सका है।
मंगलवार को एसडीएम संतोष कुमार पांडेय, सीओ शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में लोनिवि, हाइडिल, आईओसी आदि विभागों की टीम ने प्रभावित मकान का मुआयना किया। इस दौरान मकान के निर्माण से लेकर बिजली कनेक्शन, रसोई गैस रिसाव आदि संभावित कारणों की छानबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई। एसडीएम ने बताया कि मौके पर घटना के कारणों की पड़ताल की गई, लेकिन कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला।
हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में रसोई गैस रिसाव को घटना की वजह बताया गया था। अब संयुक्त जांच के बाद भी किसी स्पष्ट नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका है। मकान मालिक चंद्र सिंह परिहार का कहना है कि रसोई गैस रिसाव से विस्फोट की आशंका बेमानी है। सिलेंडर सही सलामत है। उन्होंने विस्फोट की वैज्ञानिक तरीके से जांच की मांग की है।
नहीं हुई भूगर्भीय जांच
मकान मालिक शुरू से ही भूगर्भीय जांच की मांग उठा रहे हैं, लेकिन तीसरे दिन भी घटनास्थल की भूगर्भीय जांच नहीं हो पाई है। मकान मालिक का कहना है कि पुलिस प्रशासन को अब तक जांच के बाद भी विस्फोट के बारे में प्रमाणिक जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में घटना का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जानी चाहिए। इस संबंध में डीएम का कहना है कि भूगर्भीय जांच की मांग पर गौर किया जा रहा है।