पिथौरागढ़। सातशिलिंग-थल मार्ग चौड़ीकरण के काम में अनियमितताओं की जांच न होने से नाराज बाराबीसी ग्रामीण उत्थान समिति ने मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी है। समिति ने डीेम को सौंपे ज्ञापन में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और तमाम जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है।
समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बसेड़ा, नरेश चंद्र पांडेय, गोकुल कुमार, दिनेश पांडेय, गिरीश पांडेय, शंकर आदि ने जिलाधिकारी एचसी सेमवाल को सौंपे ज्ञापन में सड़क चौड़ीकरण, हॉटमिक्स के काम को बेहद घटिया बताते हुए कहा कि सड़क में बगैर रोड़ी बिछाए, बगैर मिट्टी हटाए हॉटमिक्स का काम किया जा रहा है। सड़क को कहीं पर भी मानक के अनुसार चौड़ा नहीं किया गया है। न सड़क में मानक के अनुसार हॉटमिक्स किया जा रहा है। घटिया निर्माण के कारण सड़क की कई दीवारें धंस गई हैं। कलमठ क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनसे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
लोगों ने कहा कि डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, उक्रांद के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी, जिगरामुवानी के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार, बिछुल के जिला पंचायत सदस्य सचिन सोराड़ी, बीसाबजेड़ की जिला पंचायत सदस्य गोदावरी देवी, व्यापार मंडल थल सड़क चौड़ीकरण में धांधली का मामला उठा चुके हैं लेकिन जिला प्रशासन हरकत में नहीं आ रहा है। लोगों ने मामले की जांच न होने पर आंदोलन छेडने के साथ ही न्यायालय में वाद दायर करने की चेतावनी दी है। डीएम ने प्रकरण की जांच कराने की बात कही है।
पिथौरागढ़। थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग में हॉटक्सि का काम कर रही कंपनी ने भौड़ी के पास सड़क में ही हॉटक्सि प्लांट लगा रखा है। घने जंगल के बीच लगाए गए प्लांट से जहां पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, वहीं जमीन के खुदान से लगातार पेड़ गिर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर लगाए गए हॉटमिक्स प्लांट पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इसकी शिकायत नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से की जा रही है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं।