पिथौरागढ़। मौसम दगा दे गया तो रक्षाबंधन पर्व पर भी लोगों को हवाई सेवा के लाभ से वंचित होना पड़ा। मौसम में खराबी के चलते हेलिकॉप्टर और विमान सेवा ठप रहीं इससे यात्रियों को निराश होना पड़ा। यात्री रोडवेज बस या टैक्सी से सफर करने के लिए मजबूर हुए।
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, अल्मोड़ा और मुनस्यारी रूट पर रोजाना हेलीकॉप्टर जबकि दिल्ली और देहरादून रूट पर सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार विमान सेवा संचालित है। आज रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर्व के लिए बड़ी संख्या में आसान और सुगम सफर की उम्मीद में यात्रियों ने बुकिंग कराई थी। सुबह से ही यात्री हेलीपैड और संबंधित एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने का इंतजार करते रहे। पिथौरागढ़ में मौसम खराब हुआ तो दिल्ली से विमान तो हल्द्वानी से हेलिकॉप्टर ने नैनीसैनी के लिए उड़ान नहीं भरी।
यात्रियों के मोबाइल पर फ्लाइट कैंसिल का मैसेज आया तो उन्हें निराश होना पड़ा। कई यात्रियों ने रोडवेज स्टेशन और टैक्सी स्टैंड का रुख किया तो कई यात्रा स्थगित कर घर लौटे। देहरादून जाने वाले विद्यासागर और दिल्ली जाने वाले विवेक चंद्र ने कहा कि विमान सेवा ठप रहने से उन्हें यात्रा स्थगित करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि इस बार वह बहना के हाथों राखी नहीं बंधवा पाएंगे।
रोडवेज बसों का भी संचालन बंद रहने से दिक्कत टायरों के अभाव में दिल्ली और देहरादून के लिए दो-दो सेवाओं का संचालन रोकना पड़ा। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्री रोडवेज स्टेशन पहुंचे लेकिन उन्हें बस भी नसीब नहीं हुई। थल क्षेत्र के कैलाश कुमार, झूलाघाट क्षेत्र के उमेश ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए बस नहीं मिली तो उन्हें मजबूरन टैक्सी का इंतजाम करना पड़ा।
-
मौसम में खराबी के चलते हवाई सेवाएं स्थगित रहीं। मौसम ठीक होने पर सभी सेवाओं का नियमित संचालन होगा।
-संदीप यादव, एयरपोर्ट डायरेक्टर, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़