पिथौरागढ़। समाजसेवी जुगल किशोर की पहल पर बैठकी होली के प्रसिद्ध होल्यार 84 वर्षीय पूर्व प्रधानाचार्य हीराबल्लभ पांडेय को सम्मानित किया गया।
रविवार को टकाना स्थित उनके आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिह्न प्रदान किया।
उम्र के इस पड़ाव में भी संगीतज्ञ हीराबल्लभ पौष मास के पहले रविवार से शुरू होने वाली बैठकी होली का इंतजार करते हैं। राग काफी, विहाग, केदार, पीलू, झिझोटी, परज, श्याम कल्याण आदि रागों के माध्यम से शानदार होली गायन करते हैं।
अस्वस्थ होने के कारण होली कार्यक्रमों में शामिल न हो पाने वाले पांडेय कहते हैं कि बैठकी होली का दौर फिर से लौट रहा है, उन्हें इसकी प्रसन्नता है।
सम्मान समारोह में डॉ. गुरुकुलानंद सरस्वती, डॉ. अशोक पंत, डॉ. परमानंद चौबे, शिवराज सिंह अधिकारी, पीसी जोशी, गंगा दत्त जोशी, विप्लव भट्ट, मयूख भट्ट, संजय पांडे, भुवन पांडे आदि रहे।