पिथौरागढ़ में रंगमंच दिवस कार्यक्रम में कत्थक नृत्य पेश करते पंडित हेमंत गुरु
- फोटो : अमर उजाला
विश्व रंगमंच दिवस पर रंगमंच को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दो दिनी रंगमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दिल्ली से आए कत्थक नर्तक पंडित हेमंत गुरु महाराज ने कत्थक की शानदार प्रस्तुति दी।
राजकीय प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम में रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया गया। दर्शकों को कलात्मक फिल्म दायें या बायें, जाने भी दो यारो दिखाई गई। कलाकारों ने संस्कृत नाटक मालविकाग्निमित्रम की प्रस्तुति दी। रोहित यादव ने चिनमय सोलो का प्रदर्शन किया। इससे पहले पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रभारी जिलाधिकारी आशीष कुमार चौहान ने कहा कि पहली बार जिले में इस तरह का कार्यक्रम हो रहा है।
रंगमंच के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतिभा तिवारी, अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर, पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, ब्लॉक प्रमुख विण अंजू लुंठी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, भूपेश पंत आदि मौजूद थे।
विलियंस स्कूल में सिखाई अभिनय की बारीकियां
विलियंस स्कूल के वार्षिकोत्सव में थियेटर वर्कशाप का आयोजन किया गया। शुभ चिंतक सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति के सचिव राजीव पांडे ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को अभिनय की बारीकियों के साथ ही मास्क मेकिंग, लाइट, कविता लेखन, कहानी लेखन के बारे में बताया। वर्कशाप का उद्घाटन करते हुए स्वामी डा. गुरुकुलानंद सरस्वती कच्चाहारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अभिनय की बारीकियां सीखनी चाहिए। संस्था के सचिव ने डा. कच्चाहारी को स्वनिर्मित मास्क भेंट किया। प्रबंधक मनोज थापा ने सभी का आभार जताया। इस दौरान वात्सल्यम स्कूल के प्रबंधक विप्लव भट्ट, ग्रीनवैली के प्रबंधक मनोज कुमार, सिटी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक नवीन कोठारी मौजूद थे।