चंपावत। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रीठासाहिब में हेलीपैड का निर्माण पूरा हो गया है। अब जल्द ही इसे संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हेलीपैड बनने से भविष्य में यहां हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
ग्रामीण निर्माण विभाग ने करीब 16.35 लाख रुपये की लागत से हेलीपैड का निर्माण कराया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब हस्तांतरण संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। रीठासाहिब सिख समुदाय का प्रमुख आस्था केंद्र है। मान्यता है कि अपनी यात्रा के दौरान गुरु नानक देव ने अपने शिष्य भाई मरदाना की भूख मिटाने के लिए कड़वे रीठों को मीठा कर दिया था। इसी मान्यता के चलते रीठासाहिब का सिख श्रद्धालुओं के बीच विशेष धार्मिक महत्व है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं।
हेलीपैड बनने से धार्मिक यात्राओं के साथ आपातकालीन सेवाओं में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। भविष्य में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने पर दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रीठासाहिब की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
ग्रामीण निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर दिनेश भट्ट ने बताया कि हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसे संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।