अब सीमांत जिले पिथौरागढ़ और सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के बीच यात्री और पर्यटक हवाई यात्रा कर सकेंगे। दोनों जिलों के बीच पहली बार हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुई है। सिर्फ 20 मिनट में यात्री पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा और इतने ही समय में वापस लौट सकेंगे।
मंगलवार को हेरिटेज एविएशन ने अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की। कंपनी के मुताबिक पहली बार इस रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन शुरू हुआ है इससे यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही सुगम होगी। सिर्फ 20 मिनट में यात्री पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा पहुंचेंगे और उन्हें टैक्सी और बस में चार से पांच घंटे का थकावट भरा सफर नहीं करना होगा। हर दिन नियमित सेवा संचालित होगी। हर दिन हेलीकॉप्टर दोनों जिलों के बीच दो फेरे लगाएगा। सुबह के समय हेलीकॉप्टर का पहला फेरा पिथौरागढ़ से शुरू होगा। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से दोनों जिलों के लोगों को खासी राहत मिलेगी तो वहीं पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की भी उम्मीद है। कंपनी के मुताबिक पहले दिन दोनों फेरों में हेलीकॉप्टर को पिथौरागढ़ से एक भी यात्री नहीं मिला जबकि हर फेरे में एक-एक यात्री को लेकर हेलीकॉप्टर वापस लौटा।
सुबह 10:20 बजे पिथौरागढ़ से उड़ान भरेगा हेलीकॉप्टर
कंपनी के मुताबिक हर रोज हेलीकॉप्टर पिथौरागढ़ से सुबह 10 बजे पहली उड़ान भरकर 10:15 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा। पांच मिनट इंतजार के बाद 10:20 बजे वापस लौटकर 10:40 बजे पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयरपोर्ट पर उतरेगा। दूसरे फेरे के लिए पिथौरागढ़ से दोपहर 1:40 बजे रवाना होकर दो बजे अल्मोड़ा के टाटीक हेलीपैड पर उतरेगा। 2:05 बजे उड़ान भर 2:25 बजे वापस पिथौरागढ़ पहुंचेगा।
2625 रुपये चुकाना होगा किराया
कंपनी के मुताबिक पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के बीच सात सीटर हेलीकॉप्टर का संचालन किया गया है। पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा पहुंचने के लिए यात्री को जीएसटी सहित 2625 रुपये एक तरफ का किराया चुकाना होगा।
पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के बीच सीधी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। हेलीकॉप्टर हर दिन दोनों जिलों के बीच दो फेरे लगाएगा इसका लाभ यात्रियों और पर्यटकों को मिलेगा। दोनों जिलों के बीच आवाजाही सुगम होगी।
-कविंद्र कुमार, ग्राउंड स्टाफ, हेरिटेज एविएशन, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़।