धारचूला से गुंजी और गर्ब्यांग के लिए हेलीकॉप्टर सेवा बुधवार से फिर शुरू हो गई। गुंजी, गर्ब्यांग और नपलच्यू गांवों से बुधवार को 12 लोगों को हेलीकॉप्टर से धारचूला लाया गया, इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं।
पिछले महीने यह लोग बडानी पूजा में भाग लेने के लिए अपने मूल गांवों को गए थे। जाते समय इन लोगों को हेलीकॉप्टर मिल गया, लेकिन वापसी में कई दिनों तक हेलीकॉप्टर नहीं आने के कारण इन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, मंगलवार को धारचूला में मुख्यमंत्री का दौरा होने के बाद लोगों ने उनके सामने यह मामला रखा था। सीएम के आदेश पर बुधवार सुबह से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है।
सुबह मौसम साफ था और हेलीकॉप्टर ने गुंजी के दो चक्कर लगाए। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि 31 अक्तूबर तक हेलीकॉप्टर सेवा जारी रहेगी।
तब तक सभी लोगों को गुंजी, गर्ब्यांग, नपलच्यू से लाया जाएगा। एसडीएम पारितोष वर्मा ने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
बता दें कि अब उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। इस कारण लोग जल्द से जल्द घाटियों की ओर उतरना चाहते हैं।