पिथौरागढ़ से सुगम आवाजाही के दावे कर संचालित हेलीकॉप्टर सेवा फिर से लड़खड़ा गई है। तकनीकी दिक्कत से बंद सेवा के जल्द शुरू होने के दावे किए गए थे जो हवाई साबित हुए हैं। चार दिन बाद भी हेलीकॉप्टर सीमांत में नहीं पहुंचा। अब फिर से दो दिन बाद सेवा शुरू होने के दावे हो रहे हैं।
दुर्गम सीमांत जिले के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के दावे कर पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, पंतनगर, देहरादून रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की गई है। बीते पांच अक्तूबर को तकनीकी कारण बताते हुए हेलीकॉप्टर सेवा बंद कर दी गई। बुकिंग कराकर नैनीसैनी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे यात्रियों को भी बुकिंग कैंसिल का मैसेज देखकर सेवा बंद होने का पता चला और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
ये पढ़ें- Kainchi Dham: परिवार के साथ कैंची धाम पहुंचे गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, माथा टेक हनुमान चालीसा का पाठ किया
प्रशासन और सेवा देने वाली कंपनी ने मंगलवार से हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने के दावे किए थे। हैरानी है कि चार दिन बाद भी हेलीकॉप्टर नैनीसैनी एयरपोर्ट नहीं पहुंच सका। कंपनी के अधिकारी अब फिर से अगले दो दिन में हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होने की बात कर औपचारिकता निभा रहे हैं। हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराने के लिए साइट बंद है। ऐसे में सेवा के फिर से शुरू होने को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
पूर्व में भी लड़खड़ाती रही है हेली सेवा
हेलीकॉप्टर सेवा हमेशा से ही चर्चाओं में रही है। ऐसा इसलिए कि कई बार सेवा संचालित हुई और बाद में इसे बंद कर दिया गया। पूर्व में पवन हंस की हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई जो कुछ समय बाद ही सीमांत के लोगों का साथ छोड़ गई। सेवा को लेकर उठते सवालों को देखते हुए नई कंपनी को चुना गया। उम्मीद थी कि यह सेवा अब सीमांत के लोगों का साथ देगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है।
तकनीकी दिक्कत के चलते हेलीकॉप्टर सेवा बंद है। 10 अक्तूबर से सेवा शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल बुकिंग के लिए साइट बंद है।
-
कविंद्र कुमार, ग्राउंड स्टॉफ, हेरिटेज, नैनीसैनी, एयरपोर्ट।