धारचूला (पिथौरागढ़)। भारी बारिश से सिर्दांग गांव में अमर सिंह और नरेंद्र सिंह के मत्स्य तालाब क्षतिग्रस्त हो गए। इससे तालाब में मौजूद हजारों ट्राउट मछलियों की मौत हो गई। दोनों ने बताया कि बारिश के बाद नहर टूट गई। मछली तालाब क्षतिग्रस्त होकर मलबे से पट गए। उन्होंने बताया कि उनकी करीब ढाई क्विंटल मछलियों की मौत हो गई है। भारी बारिश से गांव की एकमात्र पनचक्की भी टूट गई है। इससे ग्रामीणों के लिए अनाज की पिसाई करना भी मुश्किल हो गया है। मछली पालक अमर सिंह ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम जितेंद्र वर्मा को ज्ञापन देकर मुआवजा देने और क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत कराने की मांग की है। संवाद
गलाती में नाला क्षतिग्रस्त, घर में घुसा मलबा
धारचूला (पिथौरागढ़)। गलाती के त्रिलोक राम ने एसडीएम जितेंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने कहा है कि बीते सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद उनके घर के पीछे बना नाला टूट क्षतिग्रस्त हो गया। नाले के साथ बहकर आया मलबा घर में घुसने से राशन, कपड़े सहित अन्य सामग्री बर्बाद हो गई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता के चलते उनके लिए मलबे की सफाई करना मुश्किल है। उन्होंने मलबे की सफाई कराने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। संवाद