मुनस्यारी/पिथौरागढ़। मदकोट के भगुना गांव में मेहंदी कार्यक्रम में एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर बीयर की बोतल मार दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक बेहोश हो गया। युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवक डरा सहमा है।
मुनस्यारी के फापा गांव निवासी देवेंद्र सिंह कुंवर की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 19 नवंबर को उसकी बुआ की बेटी की मेहंदी का कार्यक्रम था। डीजे में डांस को लेकर विवाद होने पर रोहित ढोक्टी ने बीयर की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। बोतल से सिर फटने के कारण देवेंद्र सिंह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद मुनस्यारी चिकित्सालय में उसका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए पिथौरागढ़ भेजा गया। देवेंद्र सिंह का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। देवेंद्र सिंह का कहना है कि 22 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे वह और उसका परिवार भयभीत है। पीड़ित युवक ने पुलिस से आरोपी युवक को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। इधर, मुनस्यारी थानाध्यक्ष विजय नेगी का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में डीजे में डांस को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। आइपीसी की धारा 324 के तहत आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसआई किशोर पंत जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।